सिटी पोस्ट लाइव
पटना: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को लेकर बिहार में एक महत्वपूर्ण कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होटल ताज में हुआ, जिसका उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने किया। इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव मनोज सिंह, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के सीईओ शशांक शेखर सिंह, सभी मेडिकल कॉलेजों के निदेशक, सुप्रिटेंडेंट, जिले के सिविल सर्जन, निजी अस्पतालों के चिकित्सक और प्रैक्टिशनर भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में हेल्थ सेक्टर के पूरी तरह से डिजिटलाइजेशन पर जोर दिया गया। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप में लाने, गांवों और देहात में जीविका दीदियों के माध्यम से जागरूकता फैलाने, और निजी चिकित्सकों की सहायता से मरीजों के स्वास्थ्य डेटा एकत्र करने की बात की गई। इस कार्यक्रम में सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह था कि ABHA एप के जरिए सभी लोगों को जोड़ने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि भविष्य में उनकी स्वास्थ्य संबंधित जानकारी एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सके और इलाज के लिए यह सहायक हो।
बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशांक शेखर सिंह ने इस कॉन्क्लेव के दौरान बिहार को स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटलाइजेशन में अग्रणी बनाने के लिए कई पहलुओं पर जानकारी दी। इस कार्यक्रम में दो सत्रों के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।