सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने 20 अक्टूबर को काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग को सौंपे गए अपने शपथपत्र (हलफनामा) में न केवल अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया, बल्कि निजी जीवन से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां भी साझा कीं, जो अब चर्चाओं का विषय बन गई हैं।
ज्योति सिंह ने हलफनामे में पति पवन सिंह का नाम नहीं लिखा। वैवाहिक स्थिति के कॉलम में उन्होंने खुद को ‘परित्यक्त नारी’ बताया है। कानूनी भाषा में ‘परित्यक्त नारी’ उस महिला को कहा जाता है जिसे उसका पति छोड़ चुका हो या जो अपने पति से अलग रह रही हो। यही नहीं, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वह अपने पिता पर आश्रित हैं।
पति के नाम की जगह उन्होंने ‘ख्याति प्राप्त भोजपुरी कलाकार’ लिखा, जिससे यह स्पष्ट है कि वह अपने पति का नाम सार्वजनिक रूप से उजागर नहीं करना चाहतीं। यह कदम कई राजनीतिक और व्यक्तिगत संकेत देता है, जिसकी राजनीतिक गलियारों में विभिन्न व्याख्याएं की जा रही हैं।
संपत्ति की बात करें तो ज्योति सिंह के पास कुल 18 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में कोई वृद्धि नहीं हुई है। इसके अलावा उन्होंने ग्रैंड विटारा गाड़ी का भी उल्लेख किया है, जो उनके नाम पर दर्ज है।
ज्योति सिंह का यह नामांकन और उनके हलफनामे में दर्ज जानकारी बिहार की राजनीति में एक नया आयाम जोड़ रही है। साथ ही, उनके और पवन सिंह के रिश्ते को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि काराकाट सीट पर उनके चुनावी अभियान को जनता का कितना समर्थन मिलता है।