सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच राजनीतिक तापमान उस वक्त और बढ़ गया जब लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र पर तीखा हमला बोला। तेज प्रताप ने उन्हें “गुंडामवाली” कहकर संबोधित किया और सरकार से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, मनेर से राजद विधायक भाई वीरेंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे मतदान केंद्र पर एक पुलिस अधिकारी को अपशब्द कहते और उसे जला देने की धमकी देते नजर आए। यह घटना पहले चरण के मतदान के दौरान गुरुवार को हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मनेर थाने में एफआईआर दर्ज की है और इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन और संज्ञेय अपराध माना गया है।
तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “चाहे वह राजद का ही क्यों न हो, कानून सबके लिए बराबर है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ये गुंडेमवाली हैं, जो दलितों को पीटते हैं और बिहार को बदनाम करते हैं।” तेज प्रताप और भाई वीरेंद्र के बीच तनाव कोई नया नहीं है। इससे पहले भी कई मौकों पर दोनों नेताओं के बीच विवाद सामने आ चुके हैं।
एक पूर्व घटना में जब भाई वीरेंद्र पर एक पंचायत सचिव के साथ गालीगलौज करने का आरोप लगा था, तब भी तेज प्रताप ने उनकी कड़ी निंदा की थी। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि तेज प्रताप यादव का यह बयान न केवल राजद के भीतर दरार को उजागर करता है, बल्कि चुनावी माहौल में महागठबंधन के लिए असहज स्थिति भी पैदा कर सकता है।
गौरतलब है कि तेज प्रताप इस बार अपने परिवार से अलग होकर जनशक्ति जनता दल (JJD) के उम्मीदवार के रूप में महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। वे बारबार यह दोहराते रहे हैं कि “जेजेडी ही लालू प्रसाद यादव की असली पार्टी है।” हाल ही में छोटे भाई तेजस्वी यादव से उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।