पटना में छाए बादल,21 जिलों में बारिश का अलर्ट,मानसून सीजन में अबतक 25% कम हुई बारिश.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : मौसम विभाग ने आज बिहार के 21 जिले में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है.मंगलवार की सुबह राजधानी पटना में बादल छाए हैं.उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं.मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार की शाम से पटना में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. अगले 48 घंटों में एक-दो बार छिटपुट बारिश हो सकती है, जिससे उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. साथ ही 40KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 अगस्त के बाद से मानसून फिर से पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा, जिससे बिहार के ज्यादातर हिस्सों में लगातार बारिश देखने को मिलेगी.खासकर उत्तर बिहार के जिलों में सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना सबसे अधिक है. दक्षिण और पश्चिम बिहार के इलाकों जैसे रोहतास, औरंगाबाद, गया और कैमूर में भी गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है.इस सीजन अब तक बिहार में कुल 498.9 मिमी वर्षा ही हुई है, जबकि सामान्य तौर पर इस समय तक 666.9 मिमी वर्षा हो जानी चाहिए थी.

पटना में भारी उमस से लोग बेहाल हैं. दिन का तापमान करीब 35℃ के आसपास रहने की संभावना है जबकि रात में हल्की ठंडक महसूस हो सकती है.बीते 24 घंटे में 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ दरभंगा सबसे गर्म जिला रहा., पटना का तापमान 34.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर का 33.0 और बांका का 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसका हुआ है. गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है.

बीते दिन यानी सोमवार को सभी जिलों में मौसम सामान्य रहा. देर रात पटना के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. हालांकि, दिन के समय पटना में तेज धूप निकली जिससे उमस बनी रही. छपरा, सहरसा में सुबह से ही धूप निकली रही है. मौसम विभाग ने किसानों से बारिश के दौरान खेतों में जलजमाव न होने देने और फसलों की निगरानी करते रहने की सलाह दी है.आम लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान या ऊंची इमारतों से दूर रहने और और मोबाइल पर मिलने वाले मौसम अलर्ट पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.

Share This Article