बिहार के छात्रों ने पीएम मोदी से पूछे सवाल, मिला आशीर्वाद

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया, जहां देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस कार्यक्रम में बिहार के दो होनहार छात्रों गया के मॉडल इंटर महाविद्यालय के विराज कुमार और मधुबनी के शिवगंगा बालिका उच्च विद्यालय की अनुसू प्रिया ने भी हिस्सा लिया। गया के विराज कुमार को प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने और उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला। उन्होंने पीएम मोदी से परीक्षा संबंधी सवाल किया, जिस पर प्रधानमंत्री ने न सिर्फ मार्गदर्शन दिया, बल्कि परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहने और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। 

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने भी दोनों छात्रों से बातचीत की और उनके अनुभव जाने। उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए परीक्षा को लेकर उनकी तैयारियों पर चर्चा की और उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्रों को संघर्ष और मेहनत से घबराने के बजाय उसे सकारात्मक रूप में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा सिर्फ अंक लाने के लिए नहीं, बल्कि अपने ज्ञान को परखने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर है। बिहार के इन छात्रों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने से राज्य के शिक्षा जगत में खुशी की लहर है। यह पल छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए गर्व का क्षण है। 

Share This Article