सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। गौरीचक थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गौरीचक में देर रात हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों युवकों की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के ही निवासी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा कैसे हुआ और क्या इसमें तेज रफ्तार ही एकमात्र वजह थी। इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।