इतिहास रचेगा बिहार: पहली बार नेशनल यूथ गेम्स 2028 की मेजबानी, खुलेगा तलवारबाजी का ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर…

Ritu Raj

बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ी और दोहरी खुशखबरी है। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले पहले नेशनल यूथ गेम्स की मेजबानी बिहार करेगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्षा पी. टी. उषा ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इससे न सिर्फ राज्य को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि बिहार के उभरते खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में बड़े मंच पर प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर भी मिलेगा।

बिहार के खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है। राज्य में तलवारबाजी का ओलंपिक स्तर का ट्रेनिंग सेंटर खोले जाने की राह लगभग साफ हो गई है। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति जता दी है। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह द्वारा राज्य में ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिस पर डॉ. मंडाविया ने मौखिक स्वीकृति प्रदान की। इधर, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि फरवरी में प्रस्तावित पहले स्टेट गेम्स की तैयारियों और अब तक की प्रगति की जानकारी साझा करने के साथ-साथ भारतीय ओलंपिक संघ के सहयोग को लेकर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने दिल्ली स्थित आईओए कार्यालय में संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा से मुलाकात की। इस दौरान श्रेयसी सिंह ने बिहार में खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए भारतीय ओलंपिक संघ से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने जनवरी में आयोजित होने वाले खेल मंथन शिविर में भाग लेने के लिए बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया है। हालांकि, इस शिविर के दौरान मिशन ओलंपिक के तहत देश में अधिक से अधिक ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और ओलंपिक में पदक संभावनाओं को मजबूत करने जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। देशभर से जुटने वाले खेल विशेषज्ञों, अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और अनुभवी प्रशिक्षकों के साथ होने वाला यह मंथन भारतीय खेलों की भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article