सिटी पोस्ट लाइव
पटना: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि एनडीए के 30 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और बिहार में विशेष रूप से मिथिलांचल के प्रति समर्पण के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा,”प्रधानमंत्री बिहार के विकास को लेकर बेहद गंभीर हैं। बीते वर्षों में बिहार में अभूतपूर्व विकास हुआ है और यह आगे भी जारी रहेगा।” उन्होंने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि 15 वर्षों की आरजेड़ी की सरकार और पूर्व के कांग्रंस प्रदेश की सरकार ने बिहार को बीमार प्रदेश बना दिया था।
जब उनसे लालू प्रसाद यादव द्वारा तेजस्वी यादव को 2025 में मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने करारा जवाब दिया। नित्यानंद राय ने कहा,”लालू जी जो चाहें, ऐलान कर सकते हैं, लेकिन बिहार की जनता सब जानती है। महागठबंधन और आरजेडी को साफ करने का जनता ने मन बना लिया है।” दिल्ली चुनाव परिणाम और अरविंद केजरीवाल के भाजपा पर हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों पर नित्यानंद राय ने कटाक्ष करते हुए कहा,”यह ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली बात है। अरविंद केजरीवाल बौखला चुके हैं, उनकी सरकार जाने वाली है और भाजपा दिल्ली में मजबूती से सरकार बनाने जा रही है।”

जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में राहुल गांधी की मौजूदगी और उनके ही पुत्र को सम्मान न मिलने पर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा हमेशा दलित और महादलित समाज के साथ खड़ी रही है, लेकिन कांग्रेस का असली चेहरा सबके सामने आ चुका है। वे सिर्फ दिखावा करते हैं, लेकिन हकीकत में दलितों और महादलितों के साथ ऐसा ही व्यवहार करते हैं।”
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की कानून व्यवस्था देश में सबसे बेहतरीन है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की स्थिति पर भी कटाक्ष करते हुए कहा, “दिल्ली के हालात तो बिहार के गांवों से भी बदतर हैं।” संजय झा ने केजरीवाल की सरकार पर भी हमला करते हुए कहा,”11 साल से केजरीवाल दिल्ली में शासन कर रहे हैं, लेकिन वहां की हालत बेहद खराब है। नाली और सड़कें नहीं हैं, स्थिति बुरी हो चुकी है। बिहार में नीतीश कुमार ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ, जबकि दिल्ली में कोई सुधार नहीं हुआ।”

जंगलाल चौधरी की जयंती समारोह में राहुल गांधी की उपस्थिति और दलित महादलित के अधिकारों के मुद्दे पर संजय झा ने कहा,”राहुल गांधी का पूरा परिवार संसद में बैठा है, तो किसे अधिकार नहीं देने की बात कर रहे हैं? बिहार में नीतीश कुमार ने दलितों और महादलितों को आरक्षण दिया है और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर में यही काम कर रहे हैं।” तेजस्वी यादव के 2025 में मुख्यमंत्री बनने की घोषणा पर संजय झा ने कहा,”हर किसी को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है, लेकिन जनता ही अंतिम फैसला करेगी।”
उन्होंने आगे कहा पुरे देश में बिहार का लॉ एंड ऑर्डर सबसे अच्छा है। एनडीए के 30 सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, इस पर संजय झा ने कहा, “हम प्रधानमंत्री से मिलने गए थे, हमने उनका धन्यवाद किया कि उन्होंने मिथिलांचल और बिहार के लिए जो बजट में प्रावधान किए, वे हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।”

वहीं दूसरी ओर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की सांसद शांभवी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद एक महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अच्छे कार्यों पर एकजुट होकर काम करना चाहिए और कहा,”प्रधानमंत्री ने बिहार के लिए जो बजट में प्रावधान किए हैं, उसके लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं। विपक्ष को कम से कम अच्छे कार्यों पर साथ आना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि जब 2025 के बजट चल रहे थे तब विपक्ष के एमपी वहां मौजूद नहीं थे।
शांभवी चौधरी ने कहा,”विपक्ष का काम है सरकार की कमियों को उजागर करना, लेकिन जब बिहार में विकास हो रहा है, तो विपक्ष को कम से कम इस मुद्दे पर साथ रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष बिहार को लेकर गंभीर नहीं है और उन्हें बिहार के विकास पर ध्यान देना चाहिए। लालू प्रसाद यादव द्वारा तेजस्वी यादव के 2025 में मुख्यमंत्री बनने की अपील पर शांभवी चौधरी ने कहा, “लालू जी हमसे बड़े हैं, तजुर्बे में भी बड़े हैं, लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह तो बिहार की जनता को तय करना है। सेमीफाइनल में तेजस्वी यादव की हार हो चुकी है, और हम फाइनल में उन्हें हराएंगे।”