BJP ने उतार दिया अपना “प्रशांत किशोर” नरकटियागंज से चुनाव लड़ाने की तैयारी!

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना : नेक्स्ट इंडिया रिसर्च फ़ाउंडेशन। यह वही संस्था है जिससे कभी जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर जुड़े हुए थे। इसी नेक्स्ट इंडिया रिसर्च फ़ाउंडेशन के सीईओ यानी कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बीजेपी ने बिहार में अपना “प्रशांत किशोर” बनाने का फ़ैसला किया है।
नेक्स्ट इंडिया रिसर्च फ़ाउंडेशन की सीईओ रितेश पांडे बिहार के ही हैं और इस बार बिहार चुनाव में बीजेपी उन्हें आज़मा सकती है। रितेश पांडे पूर्व आईएएस अधिकारी और पूर्व विधायक राघव शरण के बेटे हैं। बीजेपी से जुड़े हमारे सूत्रों के मुताबिक बीजेपी उन्हें नरकटियागंज विधानसभा से चुनाव मैदान में उतार सकती है। रितेश पांडे ने भी इसे छिपाया नहीं है, बल्कि फ़ेसबुक पर वीडियो जारी कर इसका एलान कर दिया है। रितेश पांडे ने फ़ेसबुक पर वीडियो जारी कर कहा है कि मैं नरकटियागंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की कोशिश करूंगा। रितेश पांडे पिछले दस वर्षों से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हैं। वे नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के धोबनी रमौली गांव के रहने वाले हैं, लेकिन ऐसा नहीं है कि नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र से वे बीजेपी से अकेले दावेदार हैं। नरकटियागंज सीट बीजेपी की ही है। यहां से बीजेपी की विधायक रश्मि वर्मा है। इतना ही नहीं, रेणु देवी और पूर्व विधायक राजन तिवारी भी नरकटियागंज से बीजेपी के टिकट के दावेदार हैं, ऐसे में अगर रितेश पांडे ने खुद से फ़ेसबुक पर आकर यह एलान किया है कि मैं नरकटियागंज विधानसभा से चुनाव लड़ने की कोशिश करूंगा, तो इससे साफ़ है कि रितेश पांडे को बीजेपी से पुख्ता भरोसा मिला होगा, तभी उन्होंने फ़ेसबुक पर आकर ऐसा एलान कर दिया। रितेश पांडे का बीजेपी बिहार चुनाव में किस तरह से इस्तेमाल करती है और रितेश पांडे बिहार की राजनीति में कितनी प्रभावकारी भूमिका निभाते हैं, यह देखने के लिए हमें थोड़ा इंतज़ार करना होगा।

Share This Article