BPSC री-एग्जाम: खान सर का डिजिटल विरोध, मेंस की तारीख पर बोले, उस दिन चना-मुढ़ी खाएंगे!

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: BPSC 70वीं री-एग्जाम को लेकर पटना के गर्दनीबाग में बीते तीन दिनों से हजारों उम्मीदवार खान सर के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। आज एक बार फिर खान सर वहां पहुंचे और दोहराया कि जब तक री-एग्जाम नहीं कराया जाता, वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन तभी समाप्त होगा जब सरकार और आयोग परीक्षा दोबारा आयोजित करने की घोषणा करेंगे। आज बीपीएससी री-एग्जाम को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें अगली तारीख 4 मार्च तय की गई है। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि उस दिन किसी भी तरह की बहानेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

खान सर ने घोषणा की कि अब विरोध प्रदर्शन को डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हैशटैग ट्रेंड करवाकर अपनी बात सरकार और उच्च पदों पर बैठे लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि तीन दिनों के विरोध के बावजूद सरकार और आयोग री-एग्जाम को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं ले रहे हैं। हालांकि, उन्होंने विश्वास जताया कि अगर सरकार और आयोग अपनी गलती मानने से इनकार करते हैं, तो भी परीक्षा दोबारा करवाई जाएगी। 

गर्दनीबाग में लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों को लेकर खान सर ने कहा कि जो अभ्यर्थी दो महीनों से अपनी मांगों के लिए अडिग हैं, वे इसे पूरा करवाकर ही रहेंगे। उन्होंने बिहार की धरती को संघर्ष की भूमि बताते हुए कहा कि यहां के युवा जिस चीज को ठान लेते हैं, उसे पूरा करके ही दम लेते हैं।  आयोग ने छात्रों के विरोध के बावजूद मेंस परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खान सर ने कहा,”इसका कोई महत्व नहीं है। जब परीक्षा होगी, तो उसी दिन की तारीख वाले पन्ने पर हम चना-मुढ़ी खाएंगे। इससे ज्यादा वह तारीख किसी काम की नहीं है।” 

खान सर ने आरोप लगाया था कि गया और नवादा जिलों में तीन सेट प्रश्नपत्र ट्रेजरी में रखे गए थे, लेकिन परीक्षा केवल एक सेट से कराई गई, जबकि बाकी दो सेट गायब हो गए। अब इस पर पहली बार गया और नवादा के जिलाधिकारियों ने प्रतिक्रिया दी है और सभी आरोपों को गलत बताया है। 18 फरवरी को गर्दनीबाग में प्रदर्शन के दौरान खान सर ने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तक यह मामला पहुंच चुका है। उन्होंने अपने विशेष सचिव दीपक सर को निर्देश दिया है कि छात्रों की मांग को पूरा किया जाए। खान सर ने सीएम और उनके सचिव से अनुरोध किया कि वे री-एग्जाम की घोषणा करें। 

Share This Article