सिटी पोस्ट लाइव
लैंड फॉर जॉब मामले में दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में आज महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है, जिसमें कोर्ट आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर अपना फैसला सुनाएगा। इस मामले में राजद सुप्रीमो लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस मामले में आज दो अहम फैसले आने की संभावना है, जो लालू परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकते हैं।
सीबीआई द्वारा दर्ज एफआईआर के तहत आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के संबंध में कोर्ट ने 25 अगस्त को फैसला सुरक्षित रखा था, लेकिन तीन बार सुनवाई टल चुकी थी। पहले 10 नवंबर, फिर 4 दिसंबर और आखिरी बार 15 दिसंबर को सुनवाई टाली गई थी। अब, 19 दिसंबर को कोर्ट इस मामले में अपना फैसला सुना सकता है। इस मामले की सुनवाई दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में विशेष जज विशाल गोगने द्वारा की जा रही है।
पिछली सुनवाई में सीबीआई ने अदालत को बताया कि इस मामले में एक आरोपी की मौत हो चुकी है। इसके बाद कोर्ट ने सीबीआई से मृतक आरोपी का सत्यापन रिपोर्ट तलब किया, साथ ही अन्य आरोपियों के बारे में भी वेरिफिकेशन रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया था। इस बीच, 8 दिसंबर को अदालत को सूचित किया गया था कि इस केस के कुछ आरोपी अब जीवित नहीं हैं, जिसके बाद कोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी।
इससे पहले, लालू यादव ने सीबीआई की एफआईआर को निरस्त करने और ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इसके अलावा, आज राबड़ी देवी द्वारा दायर केस ट्रांसफर की याचिका पर भी अदालत अपना फैसला सुना सकती है।
लैंड फॉर जॉब घोटाला मामले में आरोपियों पर यह आरोप है कि उन्होंने नौकरी देने के बदले में जमीन ली थी। इस घोटाले में लालू परिवार पर गंभीर आरोप हैं, और आज के फैसले से उनके भविष्य पर बड़ा असर पड़ सकता है।