बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे पार्टी कार्यालय में होगी, जिसमें सभी विधायक और विधान पार्षद शामिल होंगे।

सूत्रों के अनुसार, मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसी दिन शाम करीब 4 बजे इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।शाम तक नए नेता का चयन होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि शाम 6 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक और अहम बैठक होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही नेता मुख्यमंत्री पद का दावेदार होगा। इसके बाद सम्राट चौधरी के आवास पर अंतिम बैठक हो सकती है, जहां सरकार गठन पर सहमति बनेगी।

मौजूदा सियासी हालात के बीच मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल के संकेत हैं। कई पुराने चेहरों को हटाया जा सकता है, जबकि नए नेताओं को मौका मिलने की संभावना है। कहा जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान विधायकों से फीडबैक लेकर पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे, जिसके आधार पर अंतिम फैसला होगा। कुल मिलाकर 14 अप्रैल बिहार की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन माना जा रहा है। इसी दिन नए मुख्यमंत्री के नाम के साथ नई सरकार की तस्वीर साफ हो सकती है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पटना पहुंचने की संभावना है, जहां वे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।