मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत का दावा: ‘नीतीश कुमार ही बनेंगे अगले मुख्यमंत्री’

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कल देर रात दिल्ली से पटना पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी, जिसमें अगले मुख्यमंत्री के रूप में उनके पिता की वापसी का दावा भी शामिल था।

जब पत्रकारों ने निशांत से पूछा कि क्या इस बार भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे, क्योंकि विपक्ष आरोप लगा रहा है कि भाजपा उन्हें दोबारा मौका नहीं देगी, तो उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया। निशांत ने कहा, “नहीं, सब लोगों ने घोषणा किया है कि उन्हीं के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और वही मुख्यमंत्री बनेंगे।” उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ लगातार सरकार पर हमलावर है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

‘वोटर लिस्ट’ में गड़बड़ी को लेकर विपक्षी गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर निशांत ने कहा कि यह चुनाव आयोग का मामला है और वही इसे देखेगा। उन्होंने इस मुद्दे पर अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया। प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर निशांत ने सकारात्मक जवाब दिया। उन्होंने कहा, “बिल्कुल आते हैं, आते हैं और आते हैं देते भी हैं बिहार को।” यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के बीच मजबूत संबंधों की ओर इशारा करता है।

नीतीश कुमार के कामकाज की सराहना

निशांत ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने पिता के कामकाज की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों से वह लगातार विकास कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों की बहाली का जिक्र किया और कहा कि आरक्षण भी उन्होंने दिया है। निशांत ने यह भी बताया कि शिक्षकों की बहाली फिर से होने जा रही है और राज्य में विकास लगातार जारी रहेगा।

तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर की गई टिप्पणी पर निशांत ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और मुख्यमंत्री पूरी तरह से ठीक हैं। निशांत का यह बयान बिहार की राजनीति में भाजपा-जेडीयू गठबंधन की एकता को दर्शाता है और यह भी साफ करता है कि नीतीश कुमार अगले चुनाव में भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे।

Share This Article