सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की विदेश यात्रा के तहत कनाडा पहुंचे हैं, जहां वह G7 समिट 2025 में हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन कनाडा के कनानास्किस नामक पर्वतीय क्षेत्र में हो रहा है। सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और कनाडा के राष्ट्राध्यक्ष और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
यह समिट ऐसे समय में हो रही है जब यूक्रेन युद्ध और इज़राइल-ईरान संघर्ष के कारण वैश्विक स्थिरता पर खतरा मंडरा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सम्मेलन में संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर से इनकार कर दिया है जिसमें इज़राइल-ईरान संघर्ष में शांति की अपील की गई थी। ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस को G8 से बाहर करना एक “बड़ी गलती” थी।
पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन वैश्विक मुद्दों और ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं पर चर्चा का अवसर देगा। वह कनाडा पहुंचने से पहले साइप्रस की यात्रा पूरी कर चुके हैं और 18 जून को क्रोएशिया भी जाएंगे। क्रोएशिया की यात्रा पर वह राष्ट्रपति ज़ोरान मिलानोविच और प्रधानमंत्री आंद्रेज़ प्लेंकोविच से मुलाकात करेंगे, जिससे द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलेगी।
वहीं, वैंकूवर के एक सांसद ने कहा है कि पीएम मोदी की यात्रा से कनाडा को “केवल लाभ ही होगा”, खासकर व्यापार, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।