सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने एकदिवसीय दौरे पर बेगूसराय पहुंचे, जहां तेघड़ा अनुमंडल परिसर में हेलीकॉप्टर से उतरते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सबसे पहले तेघड़ा प्रखंड स्थित बरौनी खेल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के तहत आयोजित फुटबॉल मैच में हिस्सा लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने यमुना भगत स्टेडियम का निरीक्षण किया और खेल सुविधाओं की समीक्षा की।
अपने कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीढौली गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सरकारी योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा, बल्कि सामाजिक समावेशन और महिला सशक्तिकरण को लेकर भी एक अहम पहल बनकर सामने आया।