सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा पर तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए दो EPIC नंबर रखने के आरोप को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
चिराग पासवान ने कहा, “सबसे बड़ी बात यह है कि आरोप कौन लगा रहा है? यही लोग चार दिन पहले जब हम इनके दो नंबर होने की बात उठा रहे थे, तो लीपापोती कर रहे थे। अब दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। पहले आप अपनी चिंता कीजिए।”
चिराग पासवान ने तेजस्वी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अगर इस तरह का कोई मामला सामने आता है तो चुनाव आयोग इस पर कार्रवाई करेगा। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने भी इसी तरह की बातों को लेकर एक पूरा इवेंट कर दिया, लेकिन कर्नाटक में जहाँ उनकी खुद की सरकार है, वहाँ इस तरह का आरोप नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत भी आप करते हैं और जब उसी को ठीक करने के लिए प्रक्रिया का पालन किया जाता है तो उस पर भी सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मकसद सिर्फ हंगामा खड़ा करना है। उन्होंने कहा, “हकीकत यह है कि ये लोग जितनी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उनके अस्तित्व को खत्म कर देना चाहते हैं। विपक्ष द्वारा एक अराजक माहौल बनाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष को किसी भी संवैधानिक संस्था पर विश्वास नहीं है।
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की मतदाता सूची जारी हुए 10 दिन हो गए हैं, लेकिन न तो कांग्रेस और न ही राजद ने चुनाव आयोग के पास कोई आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, “मीडिया में आकर बातें करना और हंगामा खड़ा करना इनका मकसद है।”