कैमूर में सीएम नीतीश ने खोला विकास का खजाना, क्षेत्रवासियों को मिली करोड़ों की सौगातें

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

पटना: कैमूर जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान विकास के कई बड़े ऐलान किए गए। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और पर्यटन जैसे क्षेत्रों से संबंधित करोड़ों रुपये के परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिनसे इस क्षेत्र का समग्र विकास होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कैमूर के मोहनिया क्षेत्र में बाईपास निर्माण की घोषणा की, जिससे यातायात में सुधार होगा और ट्रैफिक की समस्याओं में कमी आएगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इसके साथ ही अधौरा प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना का निर्णय लिया गया, जिससे पहाड़ी इलाकों के छात्रों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, सोन और कोहिरा नदियों के बीच लिंक परियोजना से इलाके की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने अधौरा पहाड़ी क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थल करकटगढ़, तेल्हारकुंड और वंशीखोड में सुविधाओं के विस्तार की योजना की घोषणा की। साथ ही कैमूर में एक आधुनिक प्रेक्षागृह और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की भी बात की, जिससे क्षेत्र के पर्यटन और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अधौरा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सोन नदी से पेयजल आपूर्ति की योजना की घोषणा की। वहीं, जमानियाँ में गंगा जल लिफ्ट योजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से सहयोग की बात कही गई। इसके अलावा, मोहनिया, अधौरा, चैनपुर, रामपुर, चांद, कुदरा, भगवानपुर और नौहवाँ में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन बनाने की योजना भी तैयार की गई है। सीएम ने कैमूर जिले में एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना का भी वादा किया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस परियोजना पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा, जिससे जिलेवासियों को उच्चतम स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी। इसके अलावा, मोहनिया से नरौरा और सेमटिया गांव तक सड़क निर्माण और रामपुर प्रखंड के बगहींहेड से रामपुर पाली तक नहर सफाई कार्य की भी घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार सभी जिलों के विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में विकास की गति और तेज होगी।

Share This Article