बिहार में ठंड के साथ-साथ कोहरे का असर भी लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह और देर रात छा रहे घने कोहरे के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को इंतजार, ठंड और यात्रा असुविधा जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कोहरे के चलते कई प्रमुख ट्रेनें तय समय से काफी देर से चल रही हैं। नई दिल्ली–हावड़ा 12304 पूर्वा एक्सप्रेस लगभग एक घंटे विलंब से है, जबकि नई दिल्ली–राजेंद्र नगर टर्मिनल 12394 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से संचालित हो रही है। इसके अलावा नई दिल्ली–राजगीर 12392 श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी लगभग सवा घंटे लेट चल रही है। घने कोहरे का असर खास तौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों पर अधिक दिखाई दे रहा है। बालुरघाट–भटिंडा जंक्शन 15733 फरक्का एक्सप्रेस करीब चार घंटे देरी से है, वहीं आनंद विहार टर्मिनल–जयनगर 12436 जयनगर गरीब रथ एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे 50 मिनट लेट चल रही है। हावड़ा–प्रयागराज रामबाग 12333 विभूति एक्सप्रेस भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में करीब पांच घंटे पीछे है।
इधर, कोहरे के असर को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रेनों में फॉग सेफ डिवाइस और आधुनिक संकेतक प्रणालियों का उपयोग शुरू कर दिया गया है, ताकि देरी को नियंत्रित किया जा सके। मंडल के मीडिया प्रभारी आर.के. सिंह ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों के इंजनों में तेजी से फॉग सेफ डिवाइस लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उन्नत तकनीक कम दृश्यता की स्थिति में भी लोको पायलट को सिग्नल, ट्रैक मार्किंग और महत्वपूर्ण लोकेशन की सटीक जानकारी देती है, वहीं ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है, जिससे सुरक्षा के साथ परिचालन बनाए रखा जा सके।