बिहार चुनाव की रणनीति और INDIA गठबंधन के एजेंडे पर होगी अहम बैठक
सिटी पोस्ट लाइव
चुनावी वर्ष में कांग्रेस पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व अध्यक्ष और नेता विपक्ष राहुल गांधी 15 मई को बिहार के गया पहुंच रहे हैं। यह दौरा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव और ‘INDIA’ गठबंधन की तैयारी को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी गया में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की एक बड़ी बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में बिहार के सभी जिलों से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है, साथ ही महिला, युवा, छात्र, किसान और अन्य विंग के प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस इस बैठक को चुनावी बिगुल फूंकने के तौर पर देख रही है।
राहुल गांधी की अध्यक्षता में बैठक में चुनावी रणनीति, सीट शेयरिंग फॉर्मूला, और जमीनी कैडर की सक्रियता जैसे मुद्दों पर बात होगी। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी जिला स्तर पर पार्टी की ताकत का मूल्यांकन करेंगे और कार्यकर्ताओं को चुनावी टास्क भी सौंप सकते हैं।
INDIA गठबंधन की तैयारी
15 मई की बैठक के बाद कांग्रेस के बड़े नेता 18 मई को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेंगे। वहां राहुल गांधी द्वारा दिए गए टास्क और सुझावों पर अन्य दलों के साथ रणनीतिक विमर्श होगा। यह माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस बार बिहार में फ्रंटफुट पर रहकर कांग्रेस को मज़बूत करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं। राहुल गांधी के गया दौरे का वीडियो रिकॉर्ड किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस के रणनीतिक दस्तावेज़ और नेताओं की कार्य रिपोर्ट की समीक्षा भी की जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है: “राहुल जी इस बार बिहार को लेकर बेहद गंभीर हैं। चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती और गठबंधन की भूमिका को लेकर हर बिंदु पर चर्चा की जाएगी।”