पटना में दर्दनाक हादसा: गांधी मैदान के पास नशे में धुत ड्राइवर ने महिला को कुचला, प्रशासन पर उठे सवाल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है। पटना सेंट्रल में गांधी मैदान के गेट नंबर 5 के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने एक वृद्ध महिला को कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना पटना पुलिस मुख्यालय, पटना एसएसपी कार्यालय और पटना डीएम ऑफिस से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जो प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय वाहन चालक शराब के नशे में धुत था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतलें और चखना भी मिला। जिस सड़क पर आमतौर पर लोग 25-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं, वहां यह गाड़ी 50-60 की रफ्तार से दौड़ रही थी। इस लापरवाही ने एक मासूम की जान को खतरे में डाल दिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला गाड़ी के नीचे बुरी तरह फंस गई थी। आसपास के लोगों ने मिलकर गाड़ी को पलटा और किसी तरह महिला को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) ले जाया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। लोगों को आशंका है कि महिला शायद बच न पाए।

यह घटना न सिर्फ सड़क सुरक्षा में पटना पुलिस की विफलता को दर्शाती है, बल्कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून की पोल भी खोलती है। बिहार मद्यनिषेध और उत्पाद शुल्क अधिनियम, 2016 के बावजूद खुलेआम शराब की उपलब्धता और इसका सेवन, पुलिस प्रशासन की कर्तव्यनिष्ठा पर सवालिया निशान लगाता है। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

Share This Article