Delhi Election Result: NDA में खुशी की लहर, डिप्टी सीएम बोले- जनता ने लिया बिहार के अपमान का बदला

गिरिराज सिंह और जीतन राम मांझी समेत कई NDA नेताओं ने दिल्ली चुनावी रुझानों पर दी प्रतिक्रिया

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना/नई दिल्ली। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने दिल्ली चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बदलाव देश की राजधानी में एक नया संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले विभिन्न राज्यों के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों का जो अपमान किया गया था, उसका जवाब जनता ने अपने वोट से दिया है। यूपी और बिहार के लोगों ने स्पष्ट रूप से संदेश दिया है कि भगवान राम की अयोध्या और माता सीता की धरती के नागरिक अपने सम्मान से समझौता नहीं करेंगे।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विजय सिन्हा ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान जिस तरह से बसों में भरकर लोगों को दिल्ली से बाहर भेजा गया और पूर्वांचल के लोगों को बीमारी बताकर समाज को बांटने की कोशिश की गई, उसी का नतीजा अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को इस सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की सजा दी है।

इधर गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि, “दिल्ली ने झूठ, भ्रष्टाचार और अराजकता को नकार दिया है। यह ईमानदारी, विकास और ‘मोदी की गारंटी’ की ऐतिहासिक जीत है। दिल्ली की जनता के अपार समर्थन और विश्वास के लिए हृदय से आभार। भाजपा मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली को विश्व की सर्वोत्तम राजधानी बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।”

वहीं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है कि “दिल्ली तो झाँकी हैं,
बिहार अभी बाक़ी है। जय NDA…”

मंगल पांडेय ने केजरीवाल पर साधा निशाना

दिल्ली चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा नेता मंगल पांडेय ने कहा कि सभी रुझान एनडीए गठबंधन की मजबूती को दर्शा रहे हैं। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया है और करोड़ों मतदाताओं ने यह तय किया है कि देश का विकास सिर्फ भाजपा के नेतृत्व में ही संभव है।

उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने झूठ का जाल फैलाया था, जिसे अब जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। जनता के खजाने से धन की लूट की गई, लेकिन गरीबों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया। दिल्ली की सरकार ने सिर्फ अपना घर भरने का काम किया, जबकि भ्रष्टाचार के कारण पिछले दस वर्षों में दिल्ली के विकास को पूरी तरह से रोक दिया गया।

मंगल पांडेय ने कहा कि देश की जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि उसे ईमानदारी और विकास चाहिए, न कि झूठे वादों और भ्रष्टाचार की राजनीति। उन्होंने पूर्वांचल के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी और बिहार के लोगों ने इस चुनाव में सच का साथ दिया और अरविंद केजरीवाल के असली चेहरे को उजागर कर दिया।

उन्होंने आगे कहा कि अब बिहार की बारी है, जहां जल्द ही चुनाव होंगे। बिहार की जनता को भी स्पष्ट संदेश मिल चुका है कि एनडीए की सरकार ही राज्य का भविष्य संवार सकती है। लालू यादव और राबड़ी देवी के 15 साल के शासन को लोग देख चुके हैं, अब बिहार फिर से एनडीए को 220 से अधिक सीटों पर जीत दिलाएगा।

Share This Article