घने कोहरे से थमी रफ्तार, बिहार में दिसंबर से ठंड का असर दोगुना होने की संभावना…

Ritu Raj

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही बिहार में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार की सुबह पटना, बेतिया और गोपालगंज समेत 10 से ज्यादा शहर घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। इस बीच औरंगाबाद लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है, जहां तापमान 24 घंटे में गिरकर 12 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, तीन दिन पहले यही तापमान 9 डिग्री था।

बिहार में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। पटना में जहां सुबह-शाम हल्की ठंड सिहरन का एहसास दिला रही है, वहीं दोपहर में खिली धूप गर्मी का अहसास कराती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्यभर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति रह सकती है, जिससे सुबह के समय विज़िबिलिटी प्रभावित होगी, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा। पिछले 24 घंटों में फारबिसगंज (अररिया) सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 31.2°C दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 26°C से 31°C के बीच रहा, जो मौसम के सामान्य दायरे में है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो औरंगाबाद सबसे ठंडा जिला रहा, जहाँ रात का पारा 12.6°C तक गिरा। राज्य के अन्य हिस्सों में रात का तापमान 12.6°C से 18.4°C के बीच दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में रात की ठंड और बढ़ेगी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, पटना में आज का दिन मौसम के लिहाज से संतुलित रहने वाला है। हल्की ठंड के बीच खुला आसमान और बेहतर विज़िबिलिटी शहर की रफ्तार में किसी तरह की रुकावट नहीं डालेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर तापमान में हल्की बढ़ोतरी और शाम होते-होते दोबारा ठंडक लौटने का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक इसी तरह जारी रहेगा।

Share This Article