उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का तेजस्वी यादव पर पलटवार: ‘जंगलराज के युवराज फ्रॉड की राजनीति कर रहे हैं’

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के आरोपों का खंडन करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने तेजस्वी यादव पर ‘जंगलराज का युवराज’ बताते हुए कहा कि वह ‘फ्रॉड की राजनीति’ कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि सिन्हा का नाम दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों- बांकीपुर और लखीसराय- की मतदाता सूची में है।

विजय सिन्हा ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जब वह पटना के कदमकुआं में रहते थे, तब उनका नाम बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में था। उन्होंने बताया कि 2024 में उन्होंने अपना नाम लखीसराय विधानसभा में जुड़वाने के लिए आवेदन दिया था और साथ ही बांकीपुर से अपना नाम हटवाने के लिए भी फॉर्म भरा था। सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस संबंध में दस्तावेज़ भी दिखाए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सिन्हा ने आगे बताया कि किसी कारणवश उनका नाम बांकीपुर की मतदाता सूची से नहीं हट पाया। जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली, तो उन्होंने खुद बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को बुलाकर दोबारा फॉर्म भरा और उसकी रसीद भी ली, जिसे उन्होंने मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सिर्फ एक ही जगह- लखीसराय से मतदान करते हैं और इस बार भी उन्होंने लखीसराय से ही प्रारूप भरा है।

उपमुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “जंगलराज के युवराज तेजस्वी यादव जी जिस तरह फ्रॉड की राजनीति कर लोगों को बरगलाते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि कानून और नियम सबके लिए एक जैसे हैं।” उन्होंने कहा कि यह आरोप निराधार हैं और उनकी मंशा सिर्फ राजनीतिक लाभ लेना है।

Share This Article