लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, फेंके गए पत्थर और गोबर; चुनाव आयोग का DGP को कड़ा निर्देश

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच, लखीसराय विधानसभा क्षेत्र से एक बड़ी और तनावपूर्ण घटना सामने आई है। यहां से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी और राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले को कुछ लोगों ने घेर लिया और हमला कर दिया।

विजय सिन्हा ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेरकर पत्थर, चप्पल और गोबर फेंका। यह घटना लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के खोरियारी गांव में बूथ संख्या 404 और 405 के पास हुई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

विजय सिन्हा का आरजेडी पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप
हमले के बाद विजय सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए आरजेडी कार्यकर्ताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये “आरजेडी के गुंडे” हैं, जो उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। उन्होंने कहा, “मेरी गाड़ी पर पत्थर फेंके गए, गोबर फेंका गया। मुझे गांव में जाने नहीं दिया जा रहा है।”

डिप्टी सीएम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पोलिंग एजेंट को भी भगा दिया गया और उसे वोट नहीं डालने दिया गया। उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा, “ये आरजेडी की गुंडागर्दी है। ऐसे प्रशासन पर धिक्कार है।” सिन्हा ने आगे कहा कि सत्ता में आए बिना ही आरजेडी के गुंडों की हरकतें देखिए कैसे मेरे पोलिंग एजेंट पर दमन किया जा रहा है और हमें धमकियाँ दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए यहाँ के एसपी (SP) को ‘कायर’ तक कह दिया।

‘दलित वोटरों को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा’
विजय सिन्हा ने दावा किया कि यह हमला और हंगामा एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, ताकि उनके समर्थक मतदाता, खासकर दलित वोटर, माताएं और बहनें, मतदान के लिए घर से बाहर न निकल सकें। आक्रोशित डिप्टी सीएम ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, “हमारे दलित वोटरों और माताओं-बहनों को मतदान के लिए बाहर नहीं निकालने दिया जा रहा है। जब तक कार्रवाई नहीं होगी, मैं उसी गांव में आकर धरने पर बैठ जाऊँगा और चुनाव आयोग से शिकायत करूँगा।” उन्होंने यह भी बताया कि सुबह से ही ऐसी गड़बड़ी चल रही थी, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोपियों पर बुलडोज़र कार्रवाई की मांग भी की।

चुनाव आयोग का DGP को कड़ा निर्देश
इस हाई-प्रोफाइल घटना के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की ओर से इस मामले को लेकर बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

DGP ने साफ कर दिया है कि चुनाव आयोग के निर्देश के बाद मामले में तत्काल एक्शन लेने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब देखना होगा कि लखीसराय पुलिस और प्रशासन इस मामले में किस तरह की कार्रवाई करता है, खासकर जब डिप्टी सीएम ने स्थानीय एसपी को ‘कायर’ बताया है। यह घटना पहले चरण के मतदान के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Share This Article