सिटी पोस्ट लाइव
जिले के रोशना थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर एनएच-81 को दो घंटे तक जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर रोशना पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और मुआवजे की मांग की। घटना 26 मई की है जब अमदाबाद थाना क्षेत्र के ओक्सा टाल निवासी सिताउर रहमान की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान कटिहार मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस वाहन से हादसा हुआ, उसके चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर रोशना पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन पुलिस ने उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को लाभा जीरो माइल के पास एनएच-81 को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टायर जलाए, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
गौरतलब है कि एनएच-81 बिहार और बंगाल को जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है। इस मार्ग पर अवैध बालू खनन और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। सूचना मिलने पर रोशना थानाध्यक्ष मासूम कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और लोगों को शांत कराने की कोशिश में जुटी हैं।