पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब बिहार के मौसम पर भी साफ दिखने लगा है। राजधानी पटना सहित बगहा, बेतिया, मधुबनी समेत राज्य के करीब 10 शहरों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। पछुआ हवाओं के चलते ठंड में इजाफा हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कोहरे के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। राज्य से गुजरने वाली 6 ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चल रही हैं, जबकि एक ट्रेन को रद्द कर दिया गया है।मौसम विभाग ने आज बिहार के 6 जिलों के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ दिनभर बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में भी आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं, हालांकि अधिकांश इलाकों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटे में पश्चिम चंपारण का वाल्मीकि नगर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 1 से 3 दिनों तक राज्य में बादल, कोहरा और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, खासकर उन जिलों में जहां यलो अलर्ट जारी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ठंडी हवाओं का असर फिलहाल बना रहेगा, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी, वहीं कोहरा और धुंध की स्थिति भी बनी रहने की संभावना है। पटना की बात करें तो यहां मौसम मिला-जुला रहने की उम्मीद है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार और आसपास के उत्तरी क्षेत्रों में इस समय पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। इससे वातावरण में नमी बढ़ गई है, जो बादलों को लंबे समय तक टिकाए रखती है और कभी-कभी हल्की बारिश की वजह भी बनती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये बदलाव सामान्य मौसमी प्रक्रिया का हिस्सा हैं। नमी, वायु दबाव में उतार-चढ़ाव और ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में भी मौसम का मिज़ाज बदला-बदला रह सकता है।