नरकटियागंज जंक्शन का डीआरएम ने किया औचक निरीक्षण, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का निर्देश, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
नरकटियागंज रेलवे जंक्शन पर बृहस्पतिवार को डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, और बुनियादी ढांचे की स्थिति का गहराई से जायजा लिया। इस दौरान कई खामियां पाए जाने पर उन्होंने स्थानीय अधिकारियों पर नाराज़गी जताई और सख्त लहजे में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक के कक्ष में पहुंचकर विस्तृत जानकारी ली और साफ-साफ कहा कि यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार भी स्टेशन पर पहुंचे और उन्होंने रेल से संबंधित स्थानीय समस्याएं डीआरएम के समक्ष उठाईं। सांसद ने विशेष रूप से नरकटियागंज-गौनाहा-भिखनाठोरी रेल सेवा को पुनः शुरू करने की मांग की। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पीईजीएफ के ट्रस्टी मनोज कुमार ने 11 पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इन पौधों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सौंपा गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस मौके पर यह भी बताया गया कि नवागत एईएन राजीव कुमार को जल्द से जल्द पदभार ग्रहण करने को कहा गया है, क्योंकि पूर्व एईएन शुभ्रांशु त्रिवेदी का स्थानांतरण हो चुका है। डीआरएम ने लगभग डेढ़ घंटे तक जंक्शन का निरीक्षण किया और इसके बाद विंडो निरीक्षण के जरिए नरकटियागंज से साठी, चनपटिया, बेतिया होते हुए मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गए। विंडो निरीक्षण के दौरान पुल-पुलिया, रेलवे समपार फाटक और रेल ट्रैक दोहरीकरण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान समाजसेवी प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन व्हीलचेयर भी रेलवे को सौंपी गईं, ताकि जंक्शन पर मरीजों, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को सहायता मिल सके।

Share This Article