देशभर में धूमधाम से मनाई गई ईद-उल-अजहा, मंत्री जमा खान ने गांव में अदा की नमाज, दिया भाईचारे का संदेश

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
देशभर में आज ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। बिहार के कैमूर जिले सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम समुदाय ने पारंपरिक अंदाज़ में नमाज अदा की और एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान अपने गृह जिला कैमूर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पैतृक गांव नौघरा स्थित ईदगाह मस्जिद में गांववासियों के साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे और सौहार्द को मजबूत बनाए रखने की अपील की।

मंत्री जमा खान ने कहा, “ईद-उल-अजहा बलिदान और सेवा का त्योहार है। यह हमें सिखाता है कि इंसानियत और परोपकार सबसे बड़ा धर्म है। सभी मुसलमान भाई मिल-जुलकर इस त्योहार को मनाएं और समाज में प्रेम और शांति का संदेश फैलाएं।” उन्होंने आगे कहा, “हमारा देश गंगा-जमुनी तहज़ीब की एक अनोखी मिसाल है और बिहार की इसमें विशेष पहचान रही है। हमें अपनी इस साझा विरासत को सहेजकर रखना है।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

कैमूर जिले के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। कई जगहों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ईदगाह पहुंचकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कुर्बानी देने की रस्म भी अदा की गई और जरूरतमंदों के बीच मांस का वितरण कर पर्व के सामाजिक संदेश को आगे बढ़ाया गया।

Share This Article