सिटी पोस्ट लाइव
पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा,”लोकतंत्र में हर नागरिक को राजनीति में आने की पूरी स्वतंत्रता है। अगर किसी को राजनीति में रुचि है, तो यह अच्छी बात है।” उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
बीजेपी में गुटबाजी को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,”मुझे नहीं पता कि तेजस्वी क्या कह रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले अपनी पार्टी की गुटबाजी को संभालना चाहिए।” उन्होंने साफ कहा कि राजद (RJD) के अंदर ही गुटबाजी मची हुई है, तेजस्वी पहले उसे संभालें, फिर दूसरों को सलाह दें।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के महाकुंभ न जाने और उनके विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,”यह पूरी तरह से व्यक्तिगत आस्था का विषय है। अगर लालू यादव को महाकुंभ में आस्था नहीं है, तो यह उनकी मर्जी है, लेकिन करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना कहीं से भी उचित नहीं है।”
तेज प्रताप यादव द्वारा अपने भाई तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी पर कटाक्ष करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा,”तेज प्रताप यादव अगर सर के बल भी खड़े हो जाएं, तब भी तेजस्वी बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले।” उनका यह बयान बिहार की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।