सिटी पोस्ट लाइव
पटना। पटना के मरीन ड्राइव रोड पर एक गाड़ी में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। एक कुरियर गाड़ी में चलते-चलते आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे गाड़ी में सवार दो लोग कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना आलमगंज थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव इलाके की है। यहां एक ब्लू डॉर्ट कुरियर गाड़ी में अचानक धुआं उठने लगा। ड्राइवर और खलासी जब तक स्थिति को समझ पाते, गाड़ी से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। लेकिन गनीमत रही कि दोनों ने सूझबूझ का काम लिया और समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
ब्लू डॉर्ट कुरियर की गाड़ी पाटलिपुत्रा से मरीन ड्राइव की ओर आ रही थी। जैसे ही यह आलमगंज के पास पहुंची, गाड़ी से धुआं निकलने लगा और फिर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। ड्राइवर का कहना था कि गाड़ी खाली थी और यह गाड़ी महादेव स्थान की थी। आग किस कारण से लगी, यह उसे समझ में नहीं आ रहा था।
आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, और कुछ ही समय में तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत से आग पर काबू पा लिया।