मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार में महिलाओं को 10-10 हजार रुपये वितरित करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, योजना में पूर्वी चंपारण जिले की महिलाएं सबसे आगे हैं, जहां अब तक 7,72,452 लाभुकों को राशि मिल चुकी है। इसके बाद मुजफ्फरपुर जिला 7,48,000 लाभुकों के साथ दूसरे और मधुबनी 7,19,000 लाभुकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

राज्य में 11 ऐसे जिले हैं, जहां पांच लाख से अधिक महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राशि वितरित की जा चुकी है। अब उन महिलाओं के खाते में भी भुगतान भेजने की तैयारी चल रही है, जिन्होंने आवेदन तो किया था लेकिन अभी तक पैसे नहीं मिले हैं। कुल मिलाकर अब तक 1 करोड़ 56 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना के तहत वित्तीय सहायता मिल चुकी है।
हालांकि, इस योजना के तहत पहली बार 26 सितंबर, 2025 को 75 लाख महिलाओं के खाते में राशि भेजी गई थी और इसके बाद कई चरणों में भुगतान जारी रहा। इसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए वित्तीय मदद देना है, जिसके लिए महिलाओं का जीविका की सदस्यता अनिवार्य है। अब सरकार इस योजना से जुड़े रोजगार का आकलन कराएगी और जिन महिलाओं का प्रदर्शन बेहतर रहेगा, उन्हें अतिरिक्त 2 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।