फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की अपार सफलता और विवादों के बाद, अब इसका दूसरा भाग ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। हाल ही में रिलीज हुआ 3 मिनट 27 सेकेंड का यह ट्रेलर पहले भाग से कहीं ज्यादा गहरा, गंभीर और झकझोर देने वाला नजर आ रहा है।
तीन राज्य, तीन कहानियाँ और एक ही एजेंडा;
हालांकि, यह फिल्म इस बार केवल केरल तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित तीन अलग-अलग राज्यों में कथित धर्मांतरण की कहानियों को जोड़ती है। फिल्म की मुख्य धुरी तीन हिंदू लड़कियां—उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा हैं, जिनकी जिंदगी प्यार के धोखे और धार्मिक एजेंडे के बीच फंसकर रह जाती है।
ट्रेलर की शुरुआत एक विवादित और रोंगटे खड़े कर देने वाले दावे से होती है, जिसमें अगले 25 वर्षों में भारत को एक ‘इस्लामिक स्टेट’ में बदलने की साजिश का जिक्र किया गया है। कहानी राजस्थान पहुंचती है, जहाँ एक बेबस परिवार अपनी 16 साल की नाबालिग बेटी के जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ पुलिस की चौखट पर न्याय की गुहार लगा रहा है। यहाँ ‘लव’ और ‘शादी’ के नाम पर हुए धोखे को दिखाया गया है। एक युवती का टूटा हुआ भरोसा और अकेलेपन की पीड़ा दर्शक को भावुक कर देती है। वहीं, ट्रेलर के अंतिम हिस्से में केरल की एक लड़की के संघर्ष को दिखाया गया है, जो अपने साथी से प्यार तो करती है लेकिन अपना धर्म बदलने से साफ इनकार कर देती है, जिसके बाद उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया जाता है।
फिल्म के पीछे की टीम;
इस फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण ने किया है। फिल्म के निर्माण की कमान एक बार फिर विपुल अमृतलाल शाह (प्रोड्यूसर) और आशिन ए. शाह (को-प्रोड्यूसर) ने संभाली है। जानकारी के लिए बता दें कि यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।