सिटी पोस्ट लाइव
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। गिल-अय्यर की नई जोड़ी टीम की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि सीनियर खिलाड़ी रोहित और कोहली भी टीम का हिस्सा रहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। सीनियर खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी के बीच शुभमन गिल वनडे टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। गिल पहले ही टेस्ट टीम के कप्तान के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। साथ ही मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर वनडे टीम के उपकप्तान बनाए गए हैं। बता दें, रोहित और विराट ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था। दरअसल, भारतीय टीम इस बार ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे और पांच टी-20 मुकाबले खेलेगी। इस दौरे की शुरुआत 19 अक्टूबर को पर्थ में पहला वनडे के साथ होगा। इसके बाद बाकी दो वनडे 23 अक्टूबर को एडिलेड और 25 अक्टूबर को सिडनी में खेले जाएंगे। वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी, जिसकी कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया गया है, लेकिन टी-20 टीम में वे मौजूद रहेंगे। इसके अलावा हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत चोटिल होने की वजह से इस दौरे का हिस्सा नहीं हैं।

हालांकि, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ किया कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक रोहित शर्मा और विराट कोहली की उपलब्धता को लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। इसी कारण से रोहित को वनडे की कप्तानी नहीं सौंपी गई। उन्होंने यह भी कहा है कि इस मामले में रोहित से बातचीत हो चुकी है। वहीं, शुभमन गिल को वनडे और टेस्ट की कमान सौंपे जाने पर अगरकर ने कहा कि तीनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग कप्तान बनाना संभव नहीं है, इसलिए गिल को दो फॉर्मेट में कप्तानी दी गई है।
भारत की वनडे और टी-20 टीम
वनडे : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल।
टी-20 : सूर्यकुमार (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर।