सिटी पोस्ट लाइव
तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। वहीं भारतीय टीम इस टेस्ट में सीरीज बराबरी के इरादे से मैदान पर उतरेगी। 5 मैचों की सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे चल रही है। चोट से जुझ रही टीम इंडिया चौथे टेस्ट में कुछ ठोस बदलाव कर सकती है।
लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद टीम इंडिया के कई प्रमुख खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं, जो कप्तान गिल के लिए चिंता का सबब बन गया है। ओल्ड ट्रैफर्ड में पहली बार टीम इंडिया जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। इसके लिए भारत को कुछ अलग रणनीति अपनाने की जरूरत है। बता दें, भारत ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अभी तक कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं। उनमें से चार में उसे हार का मुंह देखना पड़ा जबकि बाकी पांच मैच ड्रॉ रहे। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए गिल एंड कंपनी को कुछ अलग करना पड़ेगा। अब मैच की बात करें तो रेड्डी की जगह शार्दूल को अंतिम एकादश में जगह मिल सकता है। इसके लिए उनको बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उसके बाद नए तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को प्रसिद्ध कृष्णा के जगह पर प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। अगर आकाश दीप कमर की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाते हैं, तो इनमें से किसी एक को शामिल किया जा सकता है। वह भारत ए के इंग्लैंड दौरे का भी हिस्सा थे और यहां की परिस्थितियों से कुछ हद तक वाकिफ हैं। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का अंतिम एकादश में जगह बनाना तय है। अगर भारत को सीरीज बराबर करना है तो कप्तान गिल की अगुवाई वाली बल्लेबाजी लाइन-अप को अच्छा बल्लेबाजी करना होगा। भारत को राहुल और गिल से ठोस प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं जायसवाल, पंत और जडेजा पर फिर से जिम्मेदारी रहेगी की अपनी टीम को जीता सकें।
हालांकि, मैनचेस्टर के मौसम की बात करें, तो यहां पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। मैच के पांचों दिन हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इससे तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है। ऐसे में टीम इंडिया की पेस लाइन अप मजबूती से उतारने की योजना होगी।