सिटी पोस्ट लाइव
केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने विपक्ष पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का हिस्सा होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग आज भी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और भारतीय सेना से सबूत मांग रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा, “देश की सेना ने जब दुश्मनों के घर में घुसकर टारगेटेड हमला किया, तो आज पूरा पाकिस्तान ‘बाप-बाप’ कर रहा है। वहां के आतंकवादी मोदी जी को गालियां दे रहे हैं, क्योंकि भारत ने करारा जवाब दिया है। मगर देश में ही कुछ लोग ऐसे हैं जो उस पर सवाल उठा रहे हैं, सबूत मांग रहे हैं।”
उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “जो लोग सबूत मांग रहे हैं, वे चाहें कांग्रेस से हों या किसी और पार्टी से, उन्हें पाकिस्तान जाकर वहां के प्रधानमंत्री से सबूत मांगना चाहिए। पाकिस्तान खुद उन्हें सबूत देगा – वह खंडहर दिखाएगा जहां आतंकवादियों के ठिकाने थे, वह एयरबेस दिखाएगा जहां एक भी लड़ाकू विमान उड़ने लायक नहीं बचा।”
गिरिराज सिंह ने कहा कि सेना के अधिकारियों और प्रवक्ताओं ने स्पष्ट जवाब दिया है, बावजूद इसके कुछ लोग राष्ट्रविरोधी बातें कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत का पराक्रम पूरी दुनिया ने देखा है, लेकिन विपक्ष अब भी अविश्वास दिखाकर देश की अस्मिता को चोट पहुंचा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे लोगों को राजनीतिक जवाब दें जो देश की सेना और शौर्य पर सवाल खड़ा करते हैं।