स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार में हाई अलर्ट: सुरक्षा बढ़ाई गई, एटीएस भी सक्रिय

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) लॉ एंड ऑर्डर, पंकज दराद ने डीजीपी के निर्देश पर यह अलर्ट जारी किया है। पटना समेत सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP), वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), रेल एसपी, और सभी रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) तथा महानिरीक्षक (IG) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

अलर्ट के तहत सभी सार्वजनिक और प्रमुख स्थानों पर विशेष सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। खासकर, सीमावर्ती जिलों और संवेदनशील इलाकों में लगातार चौकसी और पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है। इन क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रेल पुलिस को भी खास निर्देश दिए गए हैं। उन्हें सादे कपड़ों में ट्रेनों में पेट्रोलिंग करने को कहा गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि राज्य में विधि-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) को भी अलर्ट पर रखा गया है। पंकज दराद ने बोधगया के महाबोधि मंदिर, पटना के महावीर मंदिर और पटना साहिब गुरुद्वारा के साथ-साथ नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में सूचना तंत्र को सक्रिय करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों से लगातार जानकारी जुटाने और संदिग्ध व्यक्तियों की तत्काल जांच-पड़ताल करने को कहा गया है। यह कदम सुनिश्चित करेगा कि राज्य में त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाए जा सकें।

Share This Article