सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। डीएम मनेष कुमार मीणा और एसपी वैभव शर्मा ने संयुक्त रूप से लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने की सख्त अपील की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पुष्टि के कोई भी पोस्ट या जानकारी साझा करना देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और यदि किसी को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें।
इसके साथ ही, ड्रोन के इस्तेमाल को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। डीएम मीणा ने बताया कि शादी या अन्य किसी सामाजिक कार्यक्रम में ड्रोन उड़ाने से पहले प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संवेदनशील समय में ड्रोन का उपयोग टालना ही सुरक्षा की दृष्टि से उचित होगा।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने, सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने, और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।