रैप स्टार यो यो हनी सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार अपने किसी गाने के लिए नहीं, बल्कि एक विवादित बयान की वजह से। दिल्ली के एक कॉन्सर्ट में “असुरक्षित यौन संबंध” को लेकर दी गई उनकी सलाह का तरीका लोगों को रास नहीं आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। यो यो हनी सिंह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनका उद्देश्य केवल एक सामाजिक संदेश देना था, लेकिन उनके कहने का अंदाज़ा ‘कूल’ होने के बजाय ‘विवादास्पद’ हो गया।
क्या था पूरा मामला?
हाल ही में हनी सिंह दिल्ली में ‘ननकू और करुणा’ के एक शो में बतौर गेस्ट शामिल हुए थे। वहां की भारी भीड़ और युवाओं (Gen-Z) के जोश को देखकर हनी सिंह ने मंच से सुरक्षित सेक्स (Safe Sex) को लेकर बात शुरू की। लेकिन उनकी भाषा और लहजा विवाद का कारण बन गया। उन्होंने मंच से कहा था- “दिल्ली की ठंड! इसमें न गाड़ी में सेक्स में बड़ा मजा आता है… गाड़ी में सेक्स करो, दिल्ली की ठंड में। यूज कंडोम्स, गाइज, प्लीज। प्ले सेफ!”

सोशल मीडिया पर क्यों हुए ट्रोल?
जैसे ही इस बयान का वीडियो क्लिप वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने कहा कि एक बड़े कलाकार को मंच से इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। वहीं,कुछ लोगों ने उनके पुराने गानों के विवादों को भी इस बयान से जोड़कर उन्हें ट्रोल किया।
सफाई में क्या बोले हनी सिंह?
मामला बढ़ता देख हनी सिंह ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो और लिखित पोस्ट के जरिए सार्वजनिक माफी मांगी। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि उनका मकसद युवाओं को यौन संचारित रोगों (STDs) के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने जिक्र किया कि हाल ही में उनकी कुछ गाइनोकॉलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट से बात हुई थी, जिन्होंने बताया कि युवा असुरक्षित यौन संबंधों के कारण गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि युवाओं को जागरूक करने के चक्कर में उनसे गलत शब्दों का चुनाव हो गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं।