“I have come from Bihar”: तेजस्वी की इंग्लिश पर नीरज कुमार का पलटवार, शुरू हुई सियासी जंग…

Ritu Raj

बिहार की सियासत में इन दिनों भाषा, व्याकरण और राज्य की छवि को लेकर एक नया वाकयुद्ध छिड़ा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के केरल दौरे पर दिए गए एक बयान ने बिहार में राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।

केरल में आयोजित एक कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने अंग्रेजी में भाषण देते हुए कहा- “I have come from Bihar state, which is the poorest state of the country.” (मैं बिहार राज्य से आया हूं, जो देश का सबसे गरीब राज्य है।) उन्होंने केरल की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार को केरल के मॉडल से सीखने की जरूरत है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

भाजपा का पलटवार;
भाजपा ने तेजस्वी के इस बयान को हाथों-हाथ लिया और उन पर दो तरफा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर तेजस्वी की अंग्रेजी का मजाक उड़ाते हुए इसे “नवमी फेल स्तर” की अंग्रेजी करार दिया। उनका तर्क है कि “Bihar state” बोलना व्याकरण की दृष्टि से गलत है क्योंकि ‘बिहार’ अपने आप में एक राज्य है। साथ ही उन्होंने “I have come from” के बजाय “I am from Bihar” को सही प्रयोग बताया। भाजपा का आरोप है कि तेजस्वी विदेश और अन्य राज्यों में जाकर बिहार को ‘सबसे गरीब’ बताकर उसकी छवि धूमिल कर रहे हैं। भाजपा का दावा है कि उनकी सरकार बिहार को ‘Poorest’ से ‘Richest’ बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

राजद की सफाई;
राजद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा पर पलटवार किया है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि भाजपा नेता ‘तेजस्वी फोबिया’ के शिकार हैं। उनके अनुसार, भाजपा व्याकरण की आड़ में बिहार की असली समस्याओं (बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाली) से जनता का ध्यान भटका रही है। इसके अलावा राजद का कहना है कि अगर बिहार आज भी पिछड़ा है, तो इसके लिए लंबे समय से सत्ता में रही ‘डबल इंजन’ की सरकार जिम्मेदार है। राजद ने आरोप लगाया कि राज्य का खजाना खाली है और विकास की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं।

Share This Article