सिटी पोस्ट लाइव
आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) क्षत्रनील सिंह ने रविवार देर शाम नवादा जिले का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन को शांति, कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला अधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान भी उपस्थित थे। IG ने जिले में विधि-व्यवस्था की तैयारी की समीक्षा की और अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान हर स्तर पर सतर्कता और सजगता बरती जाए।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
IG क्षत्रनील सिंह ने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की। भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और आईटी सेल के जरिए निगरानी की जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा
जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर लिया गया है। इन स्थानों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।