सिटी पोस्ट लाइव : पटना के IGIMS में नवनिर्मित 500 बेड के नए अस्पताल भवन का उद्उघाटन सीएम नीतीश कुमार ने आज कर दिया है.दो ब्लॉक ए और डी का शुभारंभ किया गया है. अब इस अस्पताल में करीब 1700 बेड हो जाएंगे. करीब 280 करोड़ रुपए की लागत से 3 साल में 6 मंजिला भवन बनकर तैयार हुआ है. इस अस्पताल में हर विभाग का अपना वार्ड, ओपीडी, ओटी, क्रिटिकल केयर यूनिट और जनरल इमरजेंसी की सुविधा है.
संबंधित विभाग के डॉक्टर, नर्स और पारा मेडिकल स्टाफ उसी फ्लोर पर रहेंगे. 24 घंटे डॉक्टरों की ड्यूटी लगेगी. यहां पैथोलॉजिकल जांच के लिए भर्ती मरीजों का सैंपल बेड से कलेक्ट किया जाएगा. इसके अलावा रेडियोलॉजिकल जांच की भी सुविधा मिलेगी.नए भवन में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, प्री ऑपरेटिव और पोस्ट ऑपरेटिव पेशेंट केयर, हाई डिपेंडेंसी यूनिट(HDU), सर्जरी के बाद स्पेशल केयर के लिए रिकवरी आईसीयू की व्यवस्था रहेगी. ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की व्यवस्था पांचवीं मंजिल पर होगी. कैंपस में अनुकूल पर्यावरण रखने के लिए पेड़-पौधे भी लगाए गए हैं. मरीजों के परिजन के लिए हर फ्लोर पर वेटिंग हॉल की व्यवस्था की गई है.