सिटी पोस्ट लाइव
पटना: केंद्रीय मंत्री और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने बिहार इंडस्ट्री एसोसिएशन (BIA) में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बजट पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग) के लिए ऋण का विस्तार किया गया है, जिससे छोटे उद्यमियों को काफी लाभ मिलेगा। साथ ही, बिहार के कृषि क्षेत्रों में ‘किसान धन्य धन्य योजना’ के तहत कम उपज वाले क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है। भूपेंद्र यादव ने यह भी बताया कि बजट में आईआईटी में 6 हजार सीटें बढ़ाई जाएंगी और एमबीबीएस के क्षेत्र में 75 हजार सीटें बढ़ेंगी, जिससे शिक्षा क्षेत्र में भी एक बड़ा परिवर्तन आएगा।
इसके अलावा, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की योजना से राज्य में आवागमन को लेकर नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने इस बजट को देश के मध्यवर्ग को सशक्त बनाने वाला बताया और कहा कि यह बजट भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विपक्ष द्वारा बजट में कुछ भी सकारात्मक देखने का आरोप लगाए जाने पर भूपेंद्र यादव ने कहा कि जनता उन्हें इसका जवाब देगी। वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 तारीख को किसान सम्मान निधि सम्मेलन में शामिल होने आ रहे हैं, जहां प्रधानमंत्री 12 करोड़ किसानों को 19वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही, किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा होगी।