आईपीएल 2026 की शुरुआत अब बेहद करीब है, और 28 मार्च से शुरू होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट से पहले कमेंट्री पैनल का ऐलान कर दिया गया है। इस बार दर्शकों को और भी खास अनुभव देने के लिए 160 से अधिक कमेंटेटर्स को शामिल किया गया है, जो 12 अलग-अलग भाषाओं में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे।
ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि फैंस हिंदी, इंग्लिश, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, भोजपुरी, हरियाणवी, मराठी, बांग्ला, गुजराती, पंजाबी और मलयालम जैसी भाषाओं में मैच का आनंद ले सकेंगे। इस बार कमेंट्री बॉक्स में कई बड़े नाम शामिल किए गए हैं, जो अपने अनुभव और अंदाज़ से मैच को और रोमांचक बनाएंगे। खास बात यह है कि दिग्गज खिलाड़ी उमेश यादव और आर अश्विन भी इस बार कमेंट्री करते नजर आएंगे। अश्विन हाल ही में 2026 सीजन से पहले क्रिकेट से संन्यास लेकर कमेंट्री की दुनिया में कदम रख चुके हैं।
हिंदी कमेंट्री पैनल की बात करें तो इसमें नवजोत सिंह सिद्धू, आकाश चोपड़ा और इरफान पठान जैसे लोकप्रिय चेहरे शामिल हैं। ये सभी अपनी अलग शैली और मज़ेदार अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं, जिसकी वजह से फैंस इनके कमेंट्री सुनने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। हालांकि, इस सीजन में कमेंट्री का स्तर पहले से ज्यादा विविध और मनोरंजक होने वाला है, जिससे हर भाषा के दर्शकों को अपने अंदाज़ में क्रिकेट का मज़ा मिलेगा।