40 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे सहनी,महागठबंधन में हलचल.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : बीजेपी पर हमला करने के बहाने बिहार की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी महागठबंधन में 40 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं.उन्होंने  दावा किया है कि अगले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के कम से कम 40 विधायक होंगे. उन्होंने बीजेपी  पर पिछले चुनाव में उनके चारों विधायकों को खरीदने का भी आरोप लगाया. सहनी ने कहा कि उनकी पार्टी अब इतनी मजबूत हो गई है कि उनके समाज का बेटा चुनाव का टिकट मांगता नहीं बांटता है.

सहनी रविवार को सिवान के पानियाडीह पड़ौली में निषाद मेला सह मठ निगरानी समिति की ओर से आयोजित बाबा ज्योतिष नाथ एवं बाबू कारीख नाथ मेला को संबोधित कर रहे थे.मुकेश सहनी ने कहा कि पिछले चुनाव उनकी पार्टी से चार विधायक जीते थे, लेकिन बीजेपी  ने उनके सभी विधायकों को खरीद लिया. क्योंकि वे हमारी ताकत से घबरा गए थे. लेकिन, जिन्होंने चार विधायक छीने उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि अगली बार बिहार में हमारे 40 विधायक होंगे.उन्होंने कहा कि आज हमारी ताकत यह है कि अब हमारे समाज का बेटा चुनाव का टिकट मांगता नहीं है, बांटता है.

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अपने समाज  से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए सहनी ने कहा कि समाज को आगे ले जाने के लिए सबके साथ होने की जरूरत है.उन्होंने  कहा कि हमारी-आपकी राजनीतिक पार्टी वीआइपी बन चुकी है.यह भी तय है कि आपका यह भाई, यह बेटा एक दिन बिहार का लीडर भी बनेगा. जब लीडर बनेगा तो समाज का कल्याण होगा.उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अभी पांच महीने मुख्यमंत्री हैं, उन्हें बाबा ज्योतिष नाथ एवं बाबू कारीख नाथ मेला को राजकीय दर्जा देना चाहिए. महागठबंधन की सरकार बनते ही इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा दे दिया जाएगा. साथ ही मेला परिसर विकास के लिए 60 करोड़ रुपये भी दिए जाएंगे.

Share This Article