सिटी पोस्ट लाइव
पटना: जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती और पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य सचिव अमृत लाला मीणा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार राज्य के बीपीएससी छात्रों की लंबित मांगों और प्रशांत किशोर के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की। इस बैठक के दौरान 70वीं बीपीएससी परीक्षा में हुई अनियमितता की उच्चस्तरीय जांच, बेरोजगारी भत्ते की वादा पूरी करने की मांग, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की जांच, और बिहार की सरकारी नौकरियों में स्थानीय युवाओं को दो तिहाई हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख थीं।
इस दौरान मनोज भारती ने कहा, “हमने मुख्य सचिव के माध्यम से सरकार को प्रशांत किशोर के बिगड़ते स्वास्थ्य के बारे में अवगत कराया है और छात्रों की मांगों पर तत्काल विचार करने का अनुरोध किया है।” उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमने यह भी कहा कि छात्रों की मांगों पर विचार करने के बाद ही प्रशांत किशोर अनशन को लेकर कोई फैसला करेंगे।” राजनीतिक आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज भारती ने कहा, “आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से अलग, उन लोगों को चुनौती है कि वे छात्रों की मांगों के लिए सत्याग्रह करें, जैसा कि प्रशांत किशोर कर रहे हैं। अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उनके आरोपों का जवाब देंगे।”
जन सुराज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में MLC अफाक अहमद, पूर्व सांसद सीताराम यादव, पूर्व विधायक किशोर कुमार, सेवानिवृत अधिकारी अरविंद ठाकुर, ललन यादव, एन.के. मंडल भी शामिल थे। यह बैठक प्रशांत किशोर के अनशन के 6 दिन बाद हुई, जिसमें उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस बीच, प्रशांत किशोर के समर्थकों का कहना है कि अगर सरकार छात्रों की मांगों पर ध्यान देती है, तो वह अपना अनशन वापस ले लेंगे। मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद, जन सुराज पार्टी ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वह जल्द से जल्द छात्रों के मुद्दों पर कदम उठाए, ताकि हालात को बेहतर बनाया जा सके।