‘यूरोप यात्रा’ पर जेडीयू की चुटकी, RJD ने भी दिया करारा जवाब…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार (05 दिसंबर, 2025) तेजस्वी यादव की गैर-मौजूदगी ने राजनीति में हलचल मचा दी। एनडीए नेताओं ने तेजस्वी पर हमला बोलना शुरू कर दिया, वहीं जेडीयू विधायक दुलारचंद गोस्वामी ने तंज कसते हुए कहा, “तेजस्वी यादव विदेश जाएं या बंगाल की खाड़ी, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

दरअसल, उन्होंने आगे कहा कि “उन लोगों को बिहार की जनता से कोई मतलब रहा ही नहीं है ना है. हम लोगों को कोई मतलब नहीं है, बिहार की जनता ने उन लोगों को सबक सिखा दिया है।” दूसरी ओर द्वितीय अनुपूरक बजट पर राष्ट्रीय जनता दल की ओर से आपत्ति किए जाने पर उन्होंने कहा, “हम लोग बजट लेकर आए हैं, खर्च हो रहा है तो बजट होगा ही, बिहार सरकार अपने संसाधन से सब कुछ पूरा करेगी। केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।” हालांकि, तेजस्वी यादव की विधानसभा में गैरमौजूदगी को लेकर उठ रहे सवालों पर आरजेडी ने कड़ा पलटवार किया है। आरजेडी के विधायक रणविजय साहू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष सदन में नहीं हैं तो क्या हुआ, महागठबंधन के सभी विधायक तो मौजूद हैं। उनका कहना है कि सरकार को आईना दिखाने का काम चल रहा है और सत्ता पक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। “हम लोग एक-एक मुद्दे पर तर्कों के साथ सरकार को घेर रहे हैं और जवाब दे रहे हैं।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

आरजेडी विधायक आलोक मेहता ने भी तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कोई भी सदस्य अपने निजी कार्यों के लिए बाहर जा सकता है। यह न तो नियम का उल्लंघन है और न ही किसी और चीज का। सरकार इस तरह के सवाल खड़ा करके मूल मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।” इससे पहले जेडीयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार समेत कई नेताओं ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधा था। उनका कहना है कि नेता प्रतिपक्ष अपने निजी कामों के लिए यूरोप गए हैं, जबकि उनके पिता बीमार हैं। नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा, “एक तरफ पिता की सेहत और दूसरी तरफ विपक्ष का टूर, जनता इसे कैसे देखेगी?” जेडीयू के अन्य नेताओं ने भी इस मौके को भुनाते हुए तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति को लेकर हमला किया और कहा कि इस तरह के कदम से विपक्ष की गंभीरता पर सवाल उठते हैं। राजनीतिक गलियारों में तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर जारी बहस अब और गरम होती दिख रही है।

Share This Article