भोजपुर की चर्चित हस्ती और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह सोमवार को काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। करीब 30 किलोमीटर लंबे रोड शो के साथ उन्होंने शक्ति प्रदर्शन किया, लेकिन नामांकन पत्र में किया गया खुलासा सबका ध्यान खींच गया। ज्योति ने अपने हलफनामे में पति पवन सिंह का नाम नहीं लिखा, बल्कि वैवाहिक स्थिति के कॉलम में खुद को “परित्यक्त नारी” बताया है।
उन्होंने सोमवार को काराकाट विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उन्होंने अपने हलफनामे में पति के स्थान पर “ख्याति प्राप्त भोजपुरी कलाकार” लिखा है। साथ ही बताया कि बीते पांच सालों में उनकी संपत्ति में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। कुल 18.8 लाख रुपए की संपत्ति में 2024 मॉडल की ग्रैंड विटारा कार (कीमत करीब 14 लाख रुपए), 30 ग्राम सोना (मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी) जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपए है, और 80 हजार रुपए नकद शामिल हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरीं उन्होंने कहा कि जनता जिन परेशानियों से जूझ रही है, वही उनके चुनावी मुद्दे हैं। वहीं, महिलाओं के आग्रह पर उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया, क्योंकि मुश्किल समय में महिलाओं ने ही उनका साथ दिया था।
हालांकि, अपने पति से चल रहे विवाद के बीच ज्योति हाल ही में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर से मिलीं। बताया जाता है कि जनसुराज कार्यालय में दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। मुलाकात के बाद उन्होंने साफ कहा कि वह न तो टिकट मांगने आई हैं और न ही चुनावी सौदेबाज़ी के लिए, बल्कि उनका मकसद है कि “मेरे साथ जो अन्याय हुआ, वैसा किसी और महिला के साथ न हो।”