काराकाट विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरीं भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने चुनाव हारने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की है। उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और समर्थक इसे उनकी अडिग इच्छाशक्ति और भविष्य में मजबूत वापसी के संकेत के रूप में देख रहे हैं।
ज्योति सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा- “लौटेंगे फिर एक दिन उसी अंदाज में, कई बादल छाने से सूरज का अस्तित्व खत्म नहीं होता।” आगे कहा कि “जीत-हार लगी रहती है, लेकिन हिम्मत नहीं हारी हूं। फिर से आऊंगी नई उमंग के साथ आप सबके बीच।” ज्योति सिंह के इस संदेश पर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। समर्थक सोशल मीडिया पर उन्हें उत्साह और समर्थन दे रहे हैं, और कई लोग इसे उनके राजनीतिक सफर को आगे बढ़ाने का संकेत मान रहे हैं। चुनाव परिणाम के बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में काराकाट की जनता से मिले स्नेह और समर्थन के लिए धन्यवाद भी कहा। भले ही चुनाव में उम्मीद के मुताबिक परिणाम न मिले हों, लेकिन उनके संदेश ने साफ कर दिया है कि वे भविष्य में राजनीति में सक्रिय रूप से लौट सकती हैं।

बता दें कि ज्योति सिंह ने रोहतास की काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं ज्योति को कुल 23,469 वोट मिले और वह इस चुनाव में तीसरे नंबर पर रहीं। इस सीट से भाकपा माले के उम्मीदवार अरुण सिंह विजयी रहे, जिन्हें 74,157 वोट प्राप्त हुए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे महाबली सिंह को 71,321 वोट मिले।