‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा पहुंची मोतिहारी, कन्हैया कुमार ने पत्रकारों से बनाई दूरी

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

पटना। कांग्रेस के युवा विंग द्वारा आयोजित ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा अपने तीसरे दिन मोतिहारी पहुंची। इस यात्रा की शुरुआत मोतिहारी जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय से हुई, जहां से कन्हैया कुमार के नेतृत्व में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं ने पदयात्रा करते हुए ढाका की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और रोजगार व शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में वे छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के कारण प्रभावित हुए हैं। हालांकि यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने पत्रकारों से दूरी बनाए रखी। वहीं, यात्रा के बीच भारौलिया स्थित एक निजी सभागार में कांग्रेस के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी की उपस्थिति में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, लेकिन कन्हैया कुमार इसमें शामिल नहीं हुए।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार को पेपर लीक माफियाओं का संरक्षक बताते हुए कहा कि बिहार अब पेपर लीक का केंद्र बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र-छात्राएं इस मुद्दे पर आंदोलन करते हैं और धरना प्रदर्शन करते हैं, तो सरकार उनका समर्थन करने के बजाय उन पर लाठियां बरसाती है और भ्रष्टाचारियों का साथ देती है।

उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन की सरकार केवल पेपर लीक माफिया और शराब माफिया के इशारे पर चल रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। कांग्रेस की यह यात्रा रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है।

Share This Article