सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार (बिहार) – बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने बुधवार को कटिहार जिले के फलका प्रखंड में 22 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और जनसामान्य को सस्ती एवं सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराना है। इस मौके पर मंत्री ने 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 34 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, और कई हेल्थ सब-सेंटर की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है।
मंत्री पांडेय ने बताया कि राज्य सरकार दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरण, और मानव संसाधन की बहाली को प्राथमिकता दे रही है। आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण अभियान, और अन्य कल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाएं सफलता के साथ लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया को तेज किया गया है, जिससे आम जनता को समय पर और बेहतर इलाज मिल सके।